भ्रष्टाचार-माफियाराज-खराब कानून व्यवस्था के आरोप में सरकार के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन
शब्दरेखा, शिमला।
भाजपा ने गुरुवार को शिमला में प्रदर्शन कर विधानसभा का घेराव किया। इस दौरान हजारों कार्यकर्ता चौड़ा मैदान में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार, माफिया राज तथा कानून व्यवस्था खराब करने के आरोप लगाए। रैली को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डाक्टर राजीव , हिमाचल प्रभारी श्रीकांत शर्मा और सह प्रभारी संजय टंडन समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। इस प्रदर्शन में अनुराग ठाकुर और कंगना रनौत समेत कोई भी सांसद शामिल नहीं हो पाए। बताया गया कि संसद सत्र होने के कारण इनके लिए व्हिप जारी हुआ था।

चौड़ा मैदान में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार ने एक हजार से ज्यादा दफ्तर बंद कर दिए, जो पूर्व सरकार में खुले थे। ये तालाबंदी का रास्ता सही नहीं है। यदि ऐसा ही रहा तो हमारी सरकार आने पर हम भी पांच साल में खोले गए संस्थानों की समीक्षा करेंगे कि इनकी जरूरत है कि नहीं? जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार माफियाराज और भ्रष्टाचार के मकडज़ाल में जकड़ गई है। प्रदेश में हर तरफ अराजकता और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफियाराज फलफूल रहा है। सरकार में मित्रों का जो बोलबाला है। वह प्रदेश के हितों पर भारी पड़ रहा है। अब उसमें अफसरशाही भी शामिल हो गई है, जिसकी वजह से विमल नेगी जैसे ईमानदार, कर्मठ और सुलझे हुए अधिकारी आज हमारे बीच नहीं हैं।

गारंटियों का हिसाब जनता को दे कांग्रेस
भाजपा प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने विरोध-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में झूठी गारंटियों के सहारे जनता को ठगा। अब हालात यह हैं कि पांच लाख नौकरियों का वादा किया था, लेकिन एक भी नौकरी नहीं दी गई। 28 लाख बहनों को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन एक रुपए तक नहीं मिला। 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा करके सत्ता में आए, लेकिन 125 यूनिट भी बंद कर दी गई। बागबानों से फसलों के सही दाम का वादा किया, लेकिन उन्हें पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया।
बिंदल बोले, प्रदेश में 1500 सरकारी संस्थानों पर ताला
शिमला। शिमला के चौड़ा मैदान में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के अढ़ाई वर्षों के कुशासन ने प्रदेश को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा किया है। सरकार ने मात्र दो साल चार महीने में प्रदेश को 32,000 करोड़ के नए कर्ज के बोझ तले दबा दिया, जिससे कुल कर्ज 1,03,000 करोड़ तक पहुंच गया है। सरकार की लूट और भ्रष्टाचार ने विकास को पूरी तरह से ठप कर दिया है, जिससे रोजगार के अवसर समाप्त हो गए और महंगाई चरम पर पहुंच गई। डा. बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हिमाचल में अब तक 1500 सरकारी संस्थानों को बंद कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
हिमाचल में गैंगवार और चिट्टा माफिया
प्रदेश भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने शिमला के चौड़ा मैदान में हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज हिमाचल में जंगलराज हावी हो चुका है। गैंगवार के कारण गोलियां चल रही हैं और चिट्टा माफिया युवाओं की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है माफिया राज को खत्म करने का, कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का।