बोले, चुनावी संग्राम अपने महबूब नेता स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा को श्रद्धांजलि देने के लिए
विकास थापटा
शब्दरेखा पड़ताल
कोटखाई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप गांगटा ने जुब्बल-नावर-कोटखाई से खुद समेत संबंधित 13 भाजपा पदाधिकारियों के निष्कासन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा की ओर से हम सभी साथियों का निलंबन भाजपा की आंतरिक प्रणाली को दर्शाता है कि वह कितनी पंगु हो गई है। ये जो चुनावी संग्राम है, जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता द्वारा अपने स्वर्गीय महबूब किसान-बागवान हितैषी नेता रहे नरेंद्र बरागटा को सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए हो रहा है। इसकी सूत्रधार खुद क्षेत्र की स्थानीय जनता है। वही भाजपा को चुनावों में इसका माकूल जवाब देगी।
यह दीगर है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने 13 नेताओं को भाजपा मंडल से छह साल के लिए निष्कासित किया है। जो भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य यशवीर जस्टा, युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संदीप गांगटा, जुब्बल-कोटखाई के मंडल अध्यक्ष गोपाल जवैइक, मंडल महामंत्री सतीश पिरटा, युवा मोर्चा महासू के जिला अध्यक्ष अंकुश चैहान, युवा मोर्चा महासू के जिला महामंत्री सुशील कदशोली, विशेष आमंत्रित सदस्य जिला महासू रविंद्र चौहान, मंडल उपाध्यक्ष अशोक जस्टा, जिला उपाध्यक्ष जिला महासू देवेंद्र श्याम, मंडल उपाध्यक्ष रामप्रकाश गईठा, मंडल कार्यसमिति सदस्य चेतन कडैइक, राजेश चौहान और अनिल काल्टा हैं।